July 13, 2026

Noida: मानसून से पहले स्कूलों में जलभराव रोकने की तैयारी, ड्रेनेज सिस्टम की हो रही जांच

Noida/Alive News: हालिया बारिश में जिले के कई स्कूलों के परिसर में जलभराव की समस्या सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मानसून से पहले सभी स्कूलों की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग का लक्ष्य है कि आगामी बारिश के दौरान किसी भी स्कूल परिसर में पानी जमा न हो और पढ़ाई प्रभावित न हो।

बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल पवार ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान स्कूलों में पानी भर गया था। जांच में सामने आया कि इसका मुख्य कारण कई स्कूलों में ड्रेनेज सिस्टम का सही ढंग से काम नहीं करना था। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर सभी प्रभावित स्कूलों से पानी निकलवा दिया।

उन्होंने कहा कि अब मानसून को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों के ड्रेनेज सिस्टम की जांच कराई जा रही है। जहां भी जल निकासी व्यवस्था खराब या बाधित मिली है, उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान छात्रों और शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा स्कूलों में पढ़ाई बिना किसी बाधा के संचालित होती रहें।