June 6, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7.69 लाख की ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने वाले 4 आरोपियों को राजस्थान के टोंक जिले से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशल (25), बुधी प्रकाश (21), लेखराज (38) और सुनील (25) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला कि कुशल और बुधी प्रकाश के बैंक खातों में ठगी का पैसा आया था। इसके बाद उन्होंने अपने खाते सुनील को दे दिए, और सुनील ने ये खाते लेखराज को सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-64 की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी थी कि जून 2025 में उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला, जिसमें एक वेबसाइट के जरिए पैसे कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद उसे एक लिंक के माध्यम से ऐप डाउनलोड कराई गई और शुरुआत में एक हजार रुपये का बोनस भी दिया गया।

इसके बाद महिला को ऑनलाइन जूते और कपड़े खरीदने के टास्क दिए गए और ज्यादा कमाई का लालच देकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 7,69,308 रुपये ठग लिए गए। बाद में उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखराज को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।