August 18, 2026

निगमायुक्त ने विभागों की समीक्षा की, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

निगमायुक्त यशेंद्र सिंह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए

Faridabad/Alive News: निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने नगर निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच, कर विभाग, सफाई विभाग और प्लानिंग विंग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, राजस्व वसूली, सफाई व्यवस्था और प्लानिंग से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

निगमायुक्त ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करवाए जाएं। उन्होंने विभागवार कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेते हुए लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कर विभाग की समीक्षा के दौरान यशेंद्र सिंह ने नगर निगम के राजस्व को बढ़ाने और बकाया कर की वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को संपत्ति कर सहित निगम के अन्य राजस्व स्रोतों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और करदाताओं को समय पर कर भुगतान के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। विकास और राजस्व से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को नगर निगम की सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

सफाई विभाग और प्लानिंग विंग की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

बैठक में एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल सहित इंजीनियरिंग ब्रांच, कर विभाग, सफाई विभाग और प्लानिंग विंग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।