May 3, 2024

भाई दूज के दिन महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच जारी

Faridabad/Alive News : बल्लभगढ़ स्थित आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने भाई दूज के दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उत्तर प्रदेश निवासी धीरज कुमार ने बताया कि बहन नीलम की शादी पांच साल पहले हरि विहार निवासी लोकेश के साथ की थी।

मृतिका के भाई धीरज कुमार ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि शादी के बाद ही ससुराल वालों ने नीलम को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इसके अलावा वे उस पर मायके से चार लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। मृतिका नीलम के भाई ने बताया कि उसकी बहन नीलम ने कई बार फोन पर बात करते हुए बताई थी। नीलम ने 4 और 6 नवंबर को भी फोन करके परिवार वालों को बताया था कि ससुराल वाले उसे दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। उसे यहां से ले जाएं, नहीं तो ये लोग उसे जान से मार देंगे। इसके बाद नीलम के पति लोकेश ने धीरज को फोन पर नीलम की मृत्यु होने की जानकारी दी।

उसने बताया कि नीलम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। धीरज का कहना है कि जब वे नीलम के ससुराल पहुंचे तो उसका शव जमीन पर पड़ा था। उन्होंने आशंका जताई है कि ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्डम के लिए बी.के अस्पताल की मोर्चरी में भेजवा दिया गया है।

वहीं ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उन्होंने नीलम को कभी दहेज के लिए प्रताड़ित नहीं किया है। नीलम के ससुर तेज सिंह का कहना है कि नीलम हमारी एकलौती बहू थी। इसके अलावा उनका एक पांच साल का पोता भी है। नीलम के ससुर तेज सिंह का कहना है कि उन्होंने नीलम को हमेशा सम्मान के साथ रखा। भाई दूज वाले दिन नीलम अपने घर पर अकेली थी। उसके बाद क्या हुआ उनको इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।