April 22, 2025

लखबीर सिंह हत्याकांड मामले में आरोपी दो निहंगों ने किया आत्मसमर्पण

Chandigarh/Alive News : धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी करने और बॉर्डर पर लखबीर सिंह की बेरहमी से हत्या करने के मामले में आरोपी दो निहंगों ने शनिवार रात साढ़े नौ बजे कुंडली थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। जिसके बाद दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आत्मसमर्पण से पहले साथी निहंगों ने दोनों को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया। इससे पहले भी शनिवार को ही पंजाब से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार कुंडली बॉर्डर पर आंदोलन स्थल के पास वीरवार की रात को लखबीर सिंह की हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी निहंगों ने ली थी। लखबीर पर धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी करने का आरोप था। व्यक्ति की बेरहमी से हत्या करने और बेरिकेड पर लटकाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने पंजाब और हरियाणा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बता दें, कि मामले में शुक्रवार शाम को निहंग सर्बजीत सिंह ने पुलिस टीम के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 7 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। शनिवार को पंजाब पुलिस की ओर से आरोपी नारायण सिंह को अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु के पास अमरकोट गांव से गिरफ्तार किया गया।

शनिवार रात को मामले में दो और निहंगों ने कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जिसमें निहंग भगवंत सिंह व गोविंद प्रीत शामिल है। इससे पहले साथी निहंगों ने दोनों को सरोपा पहनाया और धार्मिक नारे लगाए। दोनों ने गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेककर अरदास की। उसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।