November 20, 2026

ऑनलाइन मंगाया 1262 रुपये का सीलिंग फैन, पैकेट खोला तो निकला पत्थर

Faridabad/Alive News: ऑनलाइन सामान मंगाने के दौरान डिलीवरी में लापरवाही का मामला सामने आया है। पलवली गांव के एक व्यक्ति ने ब्लिंकिट से सीलिंग फैन ऑर्डर किया, लेकिन घर पहुंचे पैकेट में पंखे की जगह पत्थर निकला। पीड़ित का आरोप है कि इसकी शिकायत लेकर वह ब्लिंकिट के स्टोर पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने जिम्मेदारी डिलीवरी राइडर पर डाल दी। कई बार संपर्क करने के बावजूद न तो उन्हें ऑर्डर किया गया पंखा मिला और न ही 1262 रुपये वापस किए गए। परेशान होकर अब उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।

पलवली निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने 11 नवंबर को ब्लिंकिट के माध्यम से 1262 रुपये का सीलिंग फैन ऑर्डर किया था। कुछ समय बाद डिलीवरी राइडर सामान लेकर उनके घर पहुंचा। उस समय मनोज घर के अंदर थे, इसलिए राइडर ने पैकेट घर में मौजूद बच्चे को दे दिया।

पैकेट खोलते ही हुआ मामले का खुलासा

मनोज के अनुसार, कुछ देर बाद जब उन्होंने पैकेट खोला तो उसमें सीलिंग फैन की जगह पत्थर रखा हुआ था। यह देखकर वह हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने ब्लिंकिट के स्टोर पर जाकर कर्मचारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।

राइडर की गलती बताकर टालने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि स्टोर कर्मचारियों ने इसे डिलीवरी राइडर की गलती बताया और समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने कई बार संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। अब तक न तो उन्हें नया पंखा दिया गया और न ही पैसे वापस किए गए।

पुलिस को नहीं मिली शिकायत

थाना भूपानी प्रभारी संग्राम दहिया ने बताया कि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।