May 5, 2024

मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए सरकार पर्यटन केंद्रों और मिड डे मील में परोसेगी मोटे अनाज से बने पकवान

Chandigarh/Alive News: हरियाणा सरकार मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए मिलेट्स मैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर डॉ. खादर अली के साथ मिलकर प्रदेश सरकार कार्यशाला और शिविर लगाएगी। इसके अलावा, सरकारी पर्यटन केंद्रों के मेन्यू में भी मोटे अनाज को शामिल करने की तैयारी है। जल्द ही इस पर सरकार नीति बनाने जा रही है। वहीं, मोटे अनाज के खाने को बढ़ावा देने लिए विधानसभा के शीतकालीन सत्र में 27 दिसंबर को विधायकों को मिलेट्स का खाना खिलाया जाएगा।

यह जानकारी प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने हरियाणा निवास में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। इस मौके पर डॉ. खादर अली भी उनके साथ मौजूद रहे। दलाल ने कहा कि भारत सरकार के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक-अनाज वर्ष के रूप में घोषित किया है। इसी कड़ी में हरियाणा एक कदम आगे बढ़ा रहा है।

बीमारियां होती हैं खत्म
इस अवसर पर डॉ. खादर अली (मिलेट मैन ऑफ इंडिया) ने कहा कि मोटे अनाज (मिलेट्स) की पौष्टिकता के महत्व बारे लोगों को जागरूक करना बहुत जरूरी है। पोषक-अनाज से काफी बीमारियां खत्म हो जाती है। उन्होंने बताया कि यह अनाज शरीर को पोषण देने और ठीक करने की क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं। बड़ी मात्रा में फाइबर, खनिज और प्रोटीन से युक्त, ये अनाज पोषण का एक पावर हाउस हैं।