Faridabad/Alive News: में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने घर से नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नरेश, संतोष और सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के 50 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को दिलीप कॉलोनी, सेक्टर-56 निवासी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ बाहर गया था। अगले दिन लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये चोरी थे। इस मामले में सेक्टर-58 थाने में शिकायत दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोस्त हैं और चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस के मुताबिक, 21 मार्च को नरेश ने पत्थर से घर का ताला तोड़ा और तीनों ने मिलकर चोरी की।
पुलिस ने बताया कि नरेश और सोनू के खिलाफ पहले से 32-33 चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि संतोष पर चोरी के 4 मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

