August 7, 2026

ऑपरेशन ट्रैकडाउन में फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 60 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत एक दिन में 45 मामलों में 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें किडनैपिंग, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों के 11 आरोपी शामिल हैं।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 देसी कट्टे, 1.82 किलो गांजा और 11.01 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने नशा तस्करी के मामले में हसीन उर्फ खुला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 416 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के 4 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, हरियाणा पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए 1 अगस्त से ऑपरेशन ट्रैकडाउन शुरू किया है। अभियान के तहत फरीदाबाद में अब तक 273 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत वांछित और सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।