April 20, 2024

तटीय क्षेत्रों की तरफ तेजी से बढ़ रहा चक्रवाती तूफान ‘असानी’ इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

New Delhi/Alive News : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘असानी’ का असर दिखने लगा है। यह चक्रवाती तूफान तेजी से तटीय क्षेत्र आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर से बढ़ रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार असानी के असर के कारण 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश की भी संभावना है।

जानकारी के मुताबिक मौसम विभाग ने तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जाहिर की है। 10 मई यानी आज इसके आंध्र-ओडिशा तटों से पश्चिम मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, चक्रवात पिछले 6 घंटे के दौरान पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में 12 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है और पुरी के लगभग 590 दक्षिण-पश्चिम और गोपालपुर, ओडिशा से लगभग 510 किमी दक्षिण-पश्चिम में है।

इसके अलावा चक्रवात असानी का असर बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में भी देखने को मिलेगा। यहां 11 और 12 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में चमक के साथ तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है। पूर्वी उप्र में 14 मई तक बूंदाबांदी हो सकती है।