हरियाणा में इन दिनों बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर जो सक्रियता दिखाई दे रही है, वह राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। अंबाला से लेकर नूंह और पानीपत से लेकर फरीदाबाद तक, विभिन्न जिलों में मंजूर की गई परियोजनाएं इस बात का संकेत हैं कि विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका दायरा ग्रामीण अंचल तक फैल रहा है।
सड़क और परिवहन किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा होते हैं। सोहना चौक पर करोडों रुपये की लागत से बनने वाला 2.75 किलोमीटर लंबा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर गुरुग्राम और नूंह के बीच यातायात की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा। इससे न केवल स्थानीय लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे से संपर्क भी सुगम होगा। इसी तरह, ऐतिहासिक नगरी पानीपत के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा पांच प्रमुख मांगों पर सहमति जताया जाना औद्योगिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देगा।
शहरी विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांवों में चौपालों का निर्माण, बिजली व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण और नई सड़कों का विस्तार ग्रामीण जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक होगा। फरीदाबाद में करोड़ों रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर, मार्केट के पुनर्विकास और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसी योजनाएं शहरी नागरिक सुविधाओं को आधुनिक बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा और न्यायिक ढांचे को मजबूत करने के निर्णय भी दूरगामी महत्व रखते हैं। अंबाला छावनी के गांव चांदपुरा में होम्योपैथिक कॉलेज और अस्पताल के निर्माण को गति मिलना तथा जींद के मेडिकल कॉलेज के लिए विद्युत सब-स्टेशन की मंजूरी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगी। वहीं, नूंह के तावड़ू में न्यायिक परिसर का निर्माण आम नागरिकों को सुलभ न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर आधुनिक विश्राम गृह का निर्माण प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।
विकास के इन कार्यों के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय संतुलन भी आवश्यक है। इसराना की नौ गौशालाओं के विकास के लिए 1.77 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करना और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सरकार की संवेदनशील नीतियों को दिखाता है।
कुल मिलाकर, इन सभी योजनाओं का धरातल पर उतरना हरियाणा को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगा। हालांकि, किसी भी परियोजना की असली सफलता उसकी गुणवत्ता और तय समयसीमा में पूरा होने पर निर्भर करती है। यदि सरकार द्वारा इन विकास कार्यों का क्रियान्वयन पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ समय पर सुनिश्चित किया गया, तो निश्चित रूप से यह प्रदेश की जनता के जीवन में खुशहाली और प्रदेश की समृद्धि का नया अध्याय लिखेगा।

