May 20, 2024

दिवाली से पहले शहर की आबोहवा हुई खराब, एनआईटी रहा सबसे प्रदूषित इलाका

Faridabad/Alive News : दिवाली से पहले शहर प्रदूषित हो चुका है। शहर की सड़कें न बनने के कारण नगर निगम और हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व जिला प्रशासन के सभी दावे हवा में उड़ रहे हैं। शुक्रवार को एक बार फिर फरीदाबाद 312 एक्यूआई के साथ देश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 167 शहरों की एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) सूची में पहले स्थान पर चिन्हित किया है।

शहर का प्रदूषण स्तर तेजी से बढ़ने के साथ ही प्रशासन की नाकामियां शहरवासियों के सामने उजागर हो रही है। प्रशासन के पास दावों के अलावा इससे निपटने का कोई उचित उपाय नजर नहीं आ रहा है। नगर निगम में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल से हालात और भी खराब हो गए हैं।

एनआईटी रहा सबसे प्रदूषित
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो एनआईटी इलाका प्रदूषण के मामले में टॉप पर है। यहां का एक्यूआई स्तर 395 तक पहुंच गया। जबकि सेक्टर 16ए के आसपास का स्तर 252 और सेक्टर 11 के आसपास का स्तर 290 तक दर्ज किया गया। गुरुवार को भी एनआईटी का प्रदूषण स्तर सबसे खराब 340 रहा।

हड़ताल का शहर पर पड़ रहा असर
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल से हालत गंभीर बन गई है। क्योंकि इस हड़ताल में निगम में कार्यरत ड्राइवर व सफाई कर्मी भी शामिल हैं। ऐसे में न तो टैंकरों से पानी छिड़काव के लिए कोई ड्राइवर उपलब्ध है और न ही झाडू लगाने के लिए सफाईकर्मी। नगर निगम और जिला प्रशासन के पास इसका कोई विकल्प भी नहीं है।