July 5, 2026

स्वच्छ गांव और स्वस्थ समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी : सीईओ जिला परिषद

ग्राम पंचायत बैठक में ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम।

Faridabad/Alive News: प्रदेश सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 7 जून से 20 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 11 जून को उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में विभिन्न ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित की गईं और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

सीईओ जिला परिषद शिखा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के दौरान गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थानों और कूड़े के ढेरों की सफाई कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को घरों में निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

शिखा ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए स्वच्छता और पौधारोपण बेहद जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझेगा, तभी स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव हो सकेगा।