August 30, 2026

सीबीएसई नॉर्थ जोन शतरंज में शिव नादर स्कूल की टीम बनी चैंपियन, नेशनल के लिए क्वालीफाई

Faridabad/Alive News: शिव नादर स्कूल की अंडर-11 बॉयज शतरंज टीम ने पहली बार सीबीएसई नॉर्थ जोन चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया। कुरुक्षेत्र के मदर टेरेसा स्कूल में 24 से 27 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन शतरंज प्रतियोगिता में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम ने सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

टीम में कप्तान प्रणित रस्तोगी, अरुज सहाय, रूहान तनेजा और विराज वीर सिंह शामिल रहे। कप्तान प्रणित रस्तोगी ने सभी पांच मुकाबले जीतकर अपनी बोर्ड पर गोल्ड मेडल हासिल किया। वह नॉर्थ जोन के सभी व्यक्तिगत खिलाड़ियों में पहले स्थान पर रहे और अपनी कैटेगरी में नॉर्थ जोन चैंपियन बने।

प्रतियोगिता के चौथे मुकाबले में शिव नादर स्कूल का सामना टॉप रेटेड और पिछली बार की चैंपियन डीपीएस गुरुग्राम की टीम से हुआ। इस मुकाबले में प्रणित का सामना टॉप सीडेड खिलाड़ी वरदान गिल से हुआ। दबाव के बावजूद प्रणित ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की, जो टीम की सफलता में अहम साबित हुई। वहीं, टीम के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी विराज वीर सिंह ने अपने पहले सीबीएसई टूर्नामेंट में तीन मुकाबले जीते। रूहान तनेजा ने चार मुकाबले जीतकर योगदान दिया, जबकि अरुज सहाय ने टीम के लिए 2.5 अंक जुटाए। टीम की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और कोच ने खिलाड़ियों को बधाई दी।