Faridabad/Alive News: घर में पीएनजी कनेक्शन नहीं होने के बावजूद एलपीजी गैस सप्लाई बंद करने का नोटिस मिलने पर एक उपभोक्ता ने अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के सामने आपत्ति दर्ज कराई है। उपभोक्ता अमित गुप्ता का कहना है कि उनकी सोसायटी में पीएनजी की पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन उन्होंने अपने घर में अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है। इसके बावजूद उन्हें एलपीजी बंद करने की चेतावनी दी गई है।
कंपनी की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि इलाके में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है और उपभोक्ता ने कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया है। कंपनी ने 24 मार्च 2026 की केंद्र सरकार की अधिसूचना के क्लॉज-7 का हवाला देते हुए कहा है कि पीएनजी उपलब्ध होने वाले इलाके में एलपीजी सप्लाई बंद की जा सकती है। उपभोक्ता को जल्द पीएनजी कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है।
वहीं, सेक्टर 80 डिस्कवरी पार्क सोसाइटी के निवासी अमित गुप्ता ने कंपनी को भेजे जवाब में कहा कि सोसायटी में पीएनजी की पाइपलाइन पहुंचना और घर में पीएनजी कनेक्शन चालू होना अलग-अलग बात है। उन्होंने कंपनी के ग्राहक पहचान नंबर 1000812505 से जुड़े बिलों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पीएनजी का इस्तेमाल नहीं करने के बावजूद इस नंबर पर कई बार बिल और बकाया राशि मांगी गई।उनके मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2023 में पीएनजी कनेक्शन के लिए एक हजार रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा किए थे। इसके बाद वह कनेक्शन लगवाने की प्रक्रिया पूरी कराने की तैयारी में थे, लेकिन कुछ देरी के कारण उनके घर में पीएनजी कनेक्शन नहीं लग सका।
उनका आरोप है कि कनेक्शन लगाए बिना ही उनके पास पीएनजी के बिल आने शुरू हो गए। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर 2023 को न्यूनतम शुल्क माफी को लेकर शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद भी 3300, 24,680 और 26,780 रुपये के बिल जारी किए गए। 25 अप्रैल 2024 को बिलिंग से जुड़ी एक और शिकायत का समाधान किए जाने की जानकारी कंपनी ने दी। इसके बावजूद मई 2024 में 26,516, 4,666, 3,299 और 21,863 रुपये के बिल जारी किए गए, जिन्हें बाद में बकाया बताया गया। जनवरी 2025 में भी इसी ग्राहक पहचान नंबर पर 1,863, 26,516, 4,666 और 23,299 रुपये के चार बिल जारी किए गए, जिनकी भुगतान की अंतिम तारीख 15 फरवरी 2025 बताई गई थी।
उन्होंने कंपनी से कनेक्शन लगाने के रिकॉर्ड, मीटर नंबर, मीटर रीडिंग और अब तक जारी बिलों का पूरा ब्योरा मांगा है। उन्होंने कहा कि सोसायटी में पहले पीएनजी सप्लाई बाधित होती रही है, इसलिए वह एलपीजी को वैकल्पिक ईंधन के तौर पर रखना चाहते हैं। उन्होंने बिना सक्रिय पीएनजी कनेक्शन के एलपीजी बंद नहीं करने की मांग की है। साथ ही कहा कि कार्रवाई होने पर वह संबंधित अधिकारियों और उपभोक्ता मंच में शिकायत करेंगे।
क्या कहना है कस्टमर केयर का
हमारे पास उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार उनके नाम पर कागजात कनेक्शन लिया जा चुका है। रिकॉर्ड में कनेक्शन की तारीख 20 मई 2023 दर्ज है। साथ ही उनका कन्वर्जन अभी बाकी है। जिसके चलते नोटिस दिया है।
– कस्टमर केयर , अदाणी टोटल गैस लिमिटेड
इस मामले में अधिक जानकारी के लिए फरीदाबाद में अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के मैनेजर राहुल भाटिया से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

