September 8, 2026

जहरीली शराब कांड में ताबड़तोड़ कार्रवाई: SDOP के बाद SDM भी हटाई गईं, 14 आरोपी कोर्ट पहुंचे; 16 फरार

सागर जहरीली शराब कांड में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के बाद जांच करती टीम

Sagar/Alive News: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। बंडा के SDOP प्रदीप वाल्मीकि को पद से हटा दिया गया है। इससे पहले बंडा की SDM आरती यादव को भी उनके पद से हटाया जा चुका है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार 14 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है, जबकि 16 अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

SDOP प्रदीप वाल्मीकि हटाए गए

जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। बंडा के SDOP प्रदीप वाल्मीकि को उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया गया है। उनकी जगह रोहित लखारे को बंडा का नया SDOP नियुक्त किया गया है। प्रशासन और पुलिस स्तर पर मामले की लगातार समीक्षा की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

SDM आरती यादव को भी हटाया गया

इससे पहले प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की गई थी। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बंडा की अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं संयुक्त कलेक्टर आरती यादव को SDM पद से हटा दिया। उन्हें अब कलेक्ट्रेट कार्यालय सागर में पदस्थ किया गया है। आरती यादव बंडा के साथ शाहगढ़ अनुविभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं।

कलेक्टर के आदेश के अनुसार डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बंडा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का प्रभार सौंपा गया है। साथ ही उन्हें शाहगढ़ अनुविभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत ने पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि इलाके में लोगों के बीच गुस्सा और चिंता का माहौल बना हुआ है। घटना सामने आने के बाद सरकार और प्रशासन ने जांच के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

14 आरोपी कोर्ट में पेश, 16 की तलाश जारी

जहरीली शराब कांड की जांच कर रही पुलिस ने अब तक 30 आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। इनमें से 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 16 आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।