Patna/Alive News: पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को जमानत मिल गई है। कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा कि खान सर और रोशन आनंद दोनों शिक्षक हैं और उन्हें गुरु की तरह व्यवहार करना चाहिए। साथ ही कोर्ट ने दोनों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनाए रखने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी।
रोशन आनंद की ओर से अदालत में कहा गया कि उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। जमानत मिलने के बाद अब वे अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे।
गौरतलब है कि 2 जून को पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। इस मामले में खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 जून को पुलिस ने रोशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इससे पहले पटना सिविल कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हालांकि बाद में दाखिल नई याचिका पर सुनवाई के दौरान उन्हें राहत मिल गई। 12 जून को जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी थी क्योंकि खान सर के वकील ने मेडिकल आधार पर अदालत में अनुपस्थित रहने की अनुमति मांगी थी।
रोशन आनंद के वकील ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल घटना में शामिल नहीं थे। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि खान सर षड्यंत्र का आरोप लगा रहे हैं तो उनके बॉडीगार्ड द्वारा की गई फायरिंग की बात क्यों छिपाई गई।
इस बीच रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रिंस नेपाल में अपने दोस्तों के साथ रुके हुए थे। उनकी मौत के बाद कई लोगों ने रोशन आनंद को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमानत देने की मांग की थी।
प्रिंस यादव की मौत पर खान सर ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए प्रिंस को श्रद्धांजलि दी। खान सर ने मामले में किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा तक की मांग की है।
अब जमानत मिलने के बाद रोशन आनंद अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे। वहीं इस पूरे मामले की जांच अभी जारी है।

