Chandigarh/Faridabad/Alive News : इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी राष्ट्रीय मुख्यालय (NHQ) नई दिल्ली द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘फर्स्ट एड मास्टर्स ट्रेनर्स रिफ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स’ का सफल आयोजन किया गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की पंजाब स्टेट ब्रांच द्वारा चंडीगढ़ के सेक्टर-42 सी स्थित होटल चंडीगढ़ बेकॉन्स में 27 मई से 29 मई तक आयोजित इस कोर्स में देशभर के विभिन्न राज्यों से 35 मास्टर्स ट्रेनर्स ने भाग लिया।
सभी ट्रेनर्स को जाने-माने अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉक्टर इत्तेंद्रपाल सिंह बाली और पंजाब राज्य शाखा की स्टेट ट्रेनिंग ऑफिसर डॉक्टर शाइना वर्मा द्वारा प्रशिक्षित किया गया। इस विशेष कोर्स में हरियाणा राज्य से 9 मास्टर ट्रेनर शामिल हुए, जिनमें से अकेले फरीदाबाद जिले से 5 मास्टर ट्रेनर्स—इशांक कौशिक (DTO), रवींद्र कुमार मनचंदा, दर्शन भाटिया, मीनू कौशल और गीता उत्प्रेति ने भाग लिया।
कोर्स में हिस्सा ले रहे सराय ख्वाजा विद्यालय के सेवानिवृत प्राचार्य एवं फरीदाबाद के नेशनल मास्टर ट्रेनर रवींद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मुख्यालय की नई गाइडलाइंस के अनुसार जीवन रक्षा की नई तकनीकों से अप टू डेट करवाया गया है।
सभी मास्टर्स ट्रेनर्स को दो विषयों पर लेसन प्लान बनाकर IDPS और K (ज्ञान) के माध्यम से प्रस्तुतिकरण देने के निर्देश दिए गए, जिसका डॉ. बाली और डॉ. शाइना वर्मा द्वारा गहनता से अवलोकन किया गया।
ट्रेनर्स को ‘प्रैक्टिस बाय डूइंग’ और कृत्रिम माहौल (सिनेरियो क्रिएट) बनाकर CPR (कार्डियोपल्मोनरी रीससिटेशन), फ्रैक्चर, ब्लीडिंग नियंत्रण, रिकवरी पोजीशन, अचेतन अवस्था (Unconsciousness) जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित रिस्पांस और लाइफ सेविंग तकनीकों का अभ्यास कराया गया।
रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि इस नियमित अभ्यास और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है। आज के अंतिम सत्र में देश के 10 अलग-अलग प्रांतों से आए ट्रेनर्स ने बेहतर तालमेल के साथ अभ्यास कर अपने ज्ञान में वृद्धि की।

