मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से वीसी के माध्यम से किया प्रदेश की 100 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन
Bhiwani/Alive News : प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा सरकार हर नागरिक को बेहतर से बेहतर व सस्ती चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। मंत्री राजेश नागर, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला के लिए चार करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा’ अभियान के तहत पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से प्रदेशभर की करीब 100 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
भिवानी जिले को मिलीं ये मुख्य सौगातें
- 3 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट: कैरु, बवानी खेड़ा और लोहारू में नई पब्लिक हेल्थ यूनिट की शुरुआत की गई है।
- 4 ब्लॉक सब हेल्थ सेंटर: गोपालवास, नूनसर, बहल और पातवान में नवनिर्मित सब हेल्थ सेंटर्स का शुभारंभ हुआ।
- महिला क्लीनिक: चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल (भिवानी) में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के तहत विशेष महिला क्लीनिक शुरू किया गया है।
घर-द्वार पर मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ये नई परियोजनाएं नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होंगी। भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि सरकार चिकित्सा और शिक्षा पर पूरा जोर दे रही है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूर न जाना पड़े।
कार्यक्रम में पहुंचने पर डीसी साहिल गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रिषव रंजन, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनीता कत्याल, पीएमओ डॉ. बलवान सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

