May 19, 2024

सरकारी खर्चे पर कच्चे कर्मचारी कर सकेंगे सैर सपाटा, एलटीसी में मिलेगा एक माह का वेतन

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में अब तक के कर्मचारियों की तर्ज पर अनुबंध आधार पर लगे कच्चे कर्मचारियों को भी सरकारी खर्चे पर सैर सपाटा करने की सुविधा मिलेगी। किसी भी सरकारी विभाग, बोर्ड- निगम, स्वायत्तता संस्थाओं और सरकारी कंपनियों में लगे कच्चे कर्मचारियों को अवकाश यात्रा छूट का लाभ दिया जाएगा। 4 साल से अनुबंध पर काम कर रहे कर्मचारी एलटीसी के रूप में 1 महीने का वेतन ले सकेंगे।

मानव संसाधन विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्ष, मंडलायुक्त बोर्ड निगम के प्रबंध निदेशक और प्रशासक, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार, उपायुक्त और एसडीएम को लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश में सरकारी विभागों और बोर्ड निगमों में करीब डेढ़ लाख कच्चे कर्मचारी कार्यरत हैं। गृह नगर से लेकर देश के किसी भी हिस्से में सैर सपाटे पर जाने के लिए सरकार पात्र अनुबंधित कर्मचारियों को एलटीसी में 1 महीने की तनख्वाह देगी।

दरअसल बड़ी संख्या में कच्चे कर्मचारियों द्वारा एलटीसी मांगे जाने पर कुछ विभागों ने वित्त विभाग से पूछा था कि क्या अनुबंध आधार पर तीन बार नियुक्ति पाने वाले कच्चे कर्मचारी को एलटीसी दी जा सकती है।