Ayodhya/Alive News: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान राशि में कथित गड़बड़ी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। एसआईटी अब केवल धनराशि के कथित गबन ही नहीं, बल्कि पूरी सुरक्षा, निगरानी और वित्तीय व्यवस्था की भी जांच कर रही है।
जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच मंदिर को करीब 83 करोड़ रुपये का दान मिला। इसमें दान पेटियों से 55 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसी अवधि में सुरक्षा व्यवस्था पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए, बावजूद इसके दान राशि और आभूषणों की कथित चोरी का मामला सामने आया।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी को कुछ ऐसे संकेत मिले हैं जिनसे सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है। टीम ट्रस्ट पदाधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। कई जवाबों से जांच एजेंसी संतुष्ट नहीं बताई जा रही है।
इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, जिस पर पूर्व पुलिस अधिकारियों ने सवाल उठाए हैं। पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह और ए.के. जैन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हाईकोर्ट में सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका पर भी सुनवाई होनी है।

