June 27, 2026

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर चंपत राय देंगे जवाब

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर मीडिया से बात करने की तैयारी करते चंपत राय

New Delhi/Alive News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में लगातार उठ रहे सवालों के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय जल्द मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखेंगे। सूत्रों के अनुसार, वह SIT (विशेष जांच दल) की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले पर विस्तार से जवाब देंगे।

जब चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया था, तब शुरुआत में चंपत राय ने चोरी के आरोपों को खारिज किया था। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, SIT का गठन हुआ, कई तथ्य सामने आए, एफआईआर दर्ज हुई और गिरफ्तारियां हुईं, उसके बाद चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

SIT रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं चंपत राय

सूत्रों के मुताबिक, चंपत राय फिलहाल जांच प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद सभी तथ्यों और दस्तावेजों के साथ मीडिया के सामने आएंगे और मामले से जुड़े हर सवाल का जवाब देंगे। बताया जा रहा है कि इस महीने के अंत तक SIT की फाइनल रिपोर्ट आने की संभावना है।

8 लोगों के खिलाफ एफआईआर, सभी गिरफ्तार

चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है और सभी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें चंपत राय के पूर्व ड्राइवर और करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव भी शामिल हैं।

ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में रामशंकर यादव (टिन्नू), अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष कुमार यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस मामले को लेकर विपक्ष भी लगातार सवाल उठा रहा है। खासकर एफआईआर में चंपत राय का नाम शामिल न होने को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। अब सभी की नजर SIT की अंतिम रिपोर्ट और उसके बाद चंपत राय की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।