June 27, 2026

महाराष्ट्र TET परीक्षा का पेपर लीक, 28 जून की परीक्षा स्थगित, लाखों अभ्यर्थियों को झटका

महाराष्ट्र TET पेपर लीक के बाद परीक्षा स्थगित होने की सांकेतिक तस्वीर

Mumbai/Alive News: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (Maha TET) का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद 28 जून 2026 को होने वाली परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस परीक्षा में राज्यभर के करीब 4.28 लाख अभ्यर्थियों को शामिल होना था।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर TET का प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना मिली। इसके बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने मामले की जांच कराई, जिसमें प्रश्नपत्र के साथ छेड़छाड़ की पुष्टि होने पर परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया गया।

यह परीक्षा राज्य के 1,428 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। परीक्षा परिषद ने बताया कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा फिलहाल टाल दी गई है। नई परीक्षा तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।

भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज

पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र किसने और कैसे लीक किया। मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान संदिग्धों के पास मिले प्रश्नपत्र परीक्षा के असली पेपर से मेल खाते पाए गए।

पहले भी हो चुका है पेपर लीक

यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र TET परीक्षा विवादों में आई हो। इससे पहले साल 2025 में भी कोल्हापुर से TET परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। लगातार दूसरी बार पेपर लीक होने से परीक्षा प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

इस घटना से लाखों अभ्यर्थियों की तैयारी और भविष्य पर असर पड़ा है। अब सभी उम्मीदवार परीक्षा की नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं।