April 25, 2024

राज नेहरू ने जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार संभाला

Faridabad/Alive News: देश के पहले कौशल विश्वविद्यालय श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति राज नेहरू ने आज फरीदाबाद स्थित जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार ग्रहण किया। वह विश्वविद्यालय के छठे कुलपति हैं तथा उन्होंने विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश कुमार का स्थान लिया है।

कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार गर्ग, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने नेहरू का विश्वविद्यालय में स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि राज नेहरू को विश्वविद्यालय के नये कुलपति की नियुक्ति तक जे.सी. बोस विश्वविद्यालय का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। एक कुशल प्रशासक एवं सफल कॉर्पोरेट प्रोफेशनल रहे राज नेहरू को उनकी नेतृत्व कौशल एवं क्षमता के लिए पहचाना जाता है। वह भारत के पहले कौशल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति हैं जो दुनिया का कौशल विश्वविद्यालय है।

वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लिए कार्यान्वयन योजना के गठन पर यूजीसी समिति के सदस्य रहे हैं। उन्होंने हरियाणा कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक के रूप में भी काम किया है। राज नेहरू को कौशल एवं नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान एवं नेतृत्व के लिए विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है, जिसमें इनोवेटिव लीडर अवार्ड, ब्रिक ऑफ चेंज अवार्ड और नीलकंठ सम्मान-2019 शामिल हैं। उन्हें हॉल ऑफ फेम, स्किल्स लीडरशिप अवार्ड-2020 से भी सम्मानित किया जा चुका है।

अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए हरियाणा के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय का आभार व्यक्त करते हुए राज नेहरू ने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद से उत्कृष्टता की एक लंबी विरासत रही है और कुलपति के रूप में इस विश्वविद्यालय से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है।