July 4, 2026

एक सप्ताह तक बारिश के आसार

Noida/Alive News शनिवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के बाद दोपहर करीब 12 बजे धूप निकल आई। हालांकि यह अधिक देर तक नहीं रही और लगभग डेढ़ बजे बूंदाबांदी के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान तापमान 36 से   25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का एक्यूआई भी इस दिनों मध्यम श्रेणी में है।  

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार से मंगलवार तक जिले में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है। साथ ही तापमान 35 से 26 डिग्री रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान में फिर एक डिग्री की गिरावट होकर 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 10 जुलाई को अधिकतम तापमान दोबारा बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

बारिश के चलते जिले की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला। शनिवार को नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक 119 और ग्रेटर नोएडा का 172 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।