Noida/Alive News: लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से एक सप्ताह तक जिले में बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए सोमवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही इस सप्ताह अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तापमान में बदलाव के साथ शहर के एक्यूआई में भी बदलाव हो रहा है।
रविवार को छुट्टी के दिन मौसम विभाग ने लोगों को बारिश की उम्मीद दिलाई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। हालांकि बादलों की वजह से तेज धूप से कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बुधवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं 24 और 25 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के साथ बारिश के आसार हैं।
उधर, शहर की हवा की गुणवत्ता अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार रविवार को नोएडा का एक्यूआई 193 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 226 दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में बारिश होती है तो वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल सकता है।

