July 20, 2026

ग्रेटर नोएडा में 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं 4 बच्चियां

Noida/Alive News: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गैलेक्सी वेगा सोसायटी में 13 जुलाई की शाम हुई एक घटना ने हाई-राइज आवासीय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली में लगातार उतार-चढ़ाव के दौरान सोसायटी की सभी लिफ्टें एक साथ बंद हो गईं। इसी दौरान एक लिफ्ट में चार बच्चे करीब 30 मिनट तक फंसे रहे। अंधेरे और घबराहट के बीच बच्चों ने हिम्मत बनाए रखने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। बाद में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन इस घटना ने लिफ्ट सुरक्षा, इमरजेंसी सिस्टम और सोसायटी प्रबंधन की तैयारियों को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं।

AOA ने मांगी तकनीकी रिपोर्ट

घटना के बाद अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने बताया कि बिजली में फ्लक्चुएशन के कारण सभी लिफ्टें बंद हुईं। मामले की वास्तविक वजह जानने के लिए लिफ्ट निर्माता कंपनी OTIS से विस्तृत Root Cause Analysis (RCA) रिपोर्ट मांगी गई है।

हालांकि केवल तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार करना पर्याप्त नहीं माना जा रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच जरूरी है।

सबसे बड़ा सवाल ARD ने काम क्यों नहीं किया?

लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था में Auto Rescue Device (ARD) बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में लिफ्ट को निकटतम मंजिल तक ले जाकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने का अवसर देना होता है।