May 13, 2024

प्रकृति बचाओ अभियान के तहत किया पौधरोपण

Palwal/Alive News : पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित संस्था द्वारा प्रकृति बचाओ अभियान के अंतगर्त पौधरोपण किया गया। ज्येष्ट मास कृष्णपक्ष अमावस्या तिथि मे वट सावित्री एवं भगवान शनिदेव जन्मोत्सव पर इस्लामाबाद स्थित श्मशान घाट में देव वृक्षों बरगद, पीपल, नीम, अर्जुन आदि का रोपण किया गया। संस्था संयोजक राम कुमार बघेल ने कहा कि नारी सृष्टि का मूल है।

सावित्री एवं सत्यवान की कथा का आधार तब से लेकर आजतक सौभाग्यवती स्त्रियाँ अपने पति और बच्चों की लंबी आयु एवं वैवाहिक जीवन को सुखद व सरल बनाने के लिए वट सावित्री का पूजन एवं व्रत रखती है। प्रकृति के कण-कण में भगवान का निवास है। इसलिए हमें इसकी रक्षा करनी चाहिए। मानव शरीर पांच तत्वों पृथ्वी, आकाश, जल, अग्नि और वायु से मिलकर बना है। इनको स्वच्छ, निर्मल और सुरक्षित रखने से ही प्राणियों का जीवन है।

संस्था सदस्य मानिक चन्द ने कल अपने स्वर्गीय पिता की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन कर पांच पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधरोपण के साथ चारों तरफ सुरक्षात्मक घेरे बनाए गए ताकि पौधों को किसी प्रकार से कोई नुकसान नहीं पहुंचा सके। इस अवसर पर मास्टर थानसिंह, अमरपाल, देव कुमार, ईश्वर राज आदि सहित मोक्षधाम के सेवादार लेखराज ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।