Chandigarh/Alive News: हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात के बाद पटवारी और कानूनगो ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी। सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज में आ रही परेशानियों के साथ अपनी अन्य मांगों को भी मंत्री के सामने विस्तार से रखा। मंत्री ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिया।
विपुल गोयल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और आपसी समन्वय के जरिए किया जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि पटवारी और कानूनगो राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। भूमि रिकॉर्ड, इंतकाल, जमाबंदी और गिरदावरी सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं आम लोगों से सीधे जुड़ी हैं। ऐसे में इन सेवाओं में किसी भी तरह का व्यवधान लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
उन्होंने कहा कि पटवारी और कानूनगो की ओर से हड़ताल समाप्त करने का फैसला जनहित में स्वागत योग्य है। सरकार कर्मचारियों के हितों के साथ-साथ आम लोगों को समयबद्ध और सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
विपुल गोयल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से दिए गए ज्ञापन में शामिल मांगों को संबंधित विभाग और अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। नियमों के अनुसार इनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाना है, ताकि विकास और जनसेवा से जुड़े काम बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकें। उन्होंने पटवारी और कानूनगो से पूरी निष्ठा के साथ काम पर लौटने और आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल ने भी मंत्री विपुल गोयल का मांगों को गंभीरता से सुनने और सकारात्मक पहल का भरोसा देने के लिए आभार जताया। ज्ञापन सौंपने के साथ ही पटवारी एवं कानूनगो ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

