Faridabad/Alive News: संत नगर में दोस्त के गले पर उस्तरे से हमला करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पीयूष (19), निवासी संत नगर के रूप में हुई है। 29 अगस्त को बंगाली मोहल्ले में रिहान की नाई की दुकान पर उस पर उस्तरे से हमला किया गया था।
रिहान के पिता अरमान ने पुलिस चौकी सेक्टर-16 में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की बंगाली मोहल्ले में नाई की दुकान है। 29 अगस्त को दुकान पर पीयूष ने रिहान की गर्दन पर उस्तरे से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
गाली देने पर हुआ विवाद: पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि रिहान और पीयूष आपस में दोस्त हैं। घटना के समय दोनों दुकान पर मौजूद थे। रिहान ने पीयूष को गाली दी, जिससे वह नाराज हो गया। इसके बाद पीयूष ने दुकान में रखे उस्तरे से रिहान की गर्दन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

