April 19, 2024

लघु सचिवालय में ट्रेजरी के समक्ष किया जा रहा तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन

 Palwal/Alive News : हरियाणा के सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में अभिलेखागार विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ करते हुए उपायुक्त कृष्ण कुमार ने हरियाणा के गौरवमयी इतिहास व वीरों की कुर्बानी पर गर्वानुभूति की। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा का उल्लेखनीय योगदान रहा है, जिसकी झलक प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है।

लघु सचिवालय में ट्रेजरी के समक्ष आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जो कि 2 व 3 नवंबर के उपरांत 8 नवंबर को आम जनमानस के अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेगी। प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है, जिन्होंने स्वाधीनता संग्राम में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। प्रदेश के हर क्षेत्र ने अपना सक्रिय योगदान देश की आजादी की लड़ाई में दिया है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान व योगदान को एक प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का यह बेहतरीन प्रयास किया गया है, जिससे आम जनमानस को अपने वीरों से रूबरू होने के साथ गौरवमयी इतिहास की जानकारी प्राप्त करने का सुअवसर मिला है।
लोगों को इसका पूर्ण लाभ उठाना चाहिए। साथ ही स्कूल व कालेज के छात्र-छात्राओं को भी प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करना चाहिए।

उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। भारत को आजादी दिलवाने में 1857 की क्रांति का सबसे अहम् योगदान था। आजादी की लड़ाई का बिगुल सबसे पहले 1857 में बजा था और देश के महान क्रांतिकारियों के बलिदान और योगदान से ही भारत को 1947 में आजादी मिली थी। इस सफर के साथ प्रदेश के वीरों की वीरगाथाओं व बलिदान की शौर्यगाथा को प्रदर्शनी के माध्यम से जाना जा सकता है।

इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाई जा रही है। हरियाणा प्रदेश ने भी इसमे बढ़चढ़ कर भाग लिया है और देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को अनूठे ढंग से मनाने के लिए प्रदेश भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इस प्रदर्शनी में जहां देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों के जीवन की गौरव गाथा को दर्शाया गया है वहीं देश की आजादी व हरियाणा प्रदेश के गठन के बाद हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शनी का अवलोकन जरूर करें और राष्ट्र भक्ति से जुडक़र देश की प्रगति और खुशहाली में अपना योगदान दें।

इस मौके पर नगराधीश अंकिता अधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग के आईसीए राजबीर सिंह, लिपिक विनोद, लीडर भजन पार्टी महाशय धर्मवीर सिंह, महाशय राजाराम, महाशय विक्रम सिंह, बीपीडब्ल्यू विजेंद्र सिंह, बीपीडब्ल्यू हेतराम व महेश, भजन पार्टियों के सदस्य लल्लू, जवाहर, मांगे, दुलीचंद, पुष्पा, प्रिया, रॉकी आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।