Faridabad/Alive News: श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्र पर्व का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने ज्योति प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की शुरुआत कराई और श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
नवरात्र के पहले दिन घटस्थापना के बाद मां शैलपुत्री की पूजा की गई। इस अवसर पर जगदीश भाटिया ने मां शैलपुत्री की महिमा बताते हुए कहा कि पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण माता पार्वती को शैलपुत्री कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां शैलपुत्री की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से सुख-शांति, साहस और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
नौ दिन तक होंगे धार्मिक आयोजन
मंदिर संस्थान के प्रधान ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे ज्योति प्रचंड की जाएगी। शाम 7 बजे माता रानी की आरती होगी, जबकि रात 9 से 11 बजे तक माता की चौकी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा प्रतिदिन 31 कन्याओं का पूजन और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।
उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को अष्टमी और 20 अक्टूबर को रामनवमी मनाई जाएगी। रामनवमी पर सुबह 8 बजे हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे भंडारा आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर उद्योगपति आरके बत्रा, नीलम मनचंदा, रमेश सहगल, प्रदीप झाम, करण भाटिया, नेतराम, दर्शन मलिक, प्रीतम धमीजा और मनमोहन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोगों ने मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए।

