April 26, 2024

नगर निगम अपनी आर्थिक तंगी कम करने के लिए वसूलेगा बकाया पानी के बिल

Faridabad/Alive News: आर्थिक तंगी से जूझ रहे नगर निगम में लंबे समय से पानी के बिल की रिकवरी के लिए कोई बिल जनरेट न होने से निगम का राजस्व घाटे में चल रहा है। ऐसे में अब नगर निगम अधिकारियों ने राजस्व बढ़ाने के लिए शहरवासियों से पानी के बिल की रिकवरी करनी शुरू कर दी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहरवासियों पर नगर निगम का डेढ़ साल से करीब 70 करोड़ रुपयों बकाया है। हालांकि निगम ने बकाया पानी के बिलों को वसूलने की रणनीति तैयार कर ली है। अब नगर निगम शहरवासियों से डिवीजन एक और पांच के तहत प्रत्येक वार्ड और सेक्टर से बकाया पानी के बिलों की वसूली करेगा।

निगम के अधिकारियों के अनुसार इस समय वह एक दिन में पानी के बिल से करीब 7 हजार रुपयों की वसूली ही कर रहे है और अनुमान लगाया जा रहा है कि यदि शहर के लोग पानी के बिल भुगतान समय पर करें तो बहुत जल्द निगम के राजस्व में बढ़ोतरी होगी और निगम द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों को भी रफ्तार मिलेगी।

बता दें कि पिछले साल ही हरियाणा सरकार ने नगर निगम से अर्बन लोकल बॉडी की वेबसाइट पर पानी से संबंधित रिकॉर्ड को फीड करने का आदेश दिया थे, ताकि लोग ऑनलाइन बिल अदा कर सकें। निगम अधिकारियों के अनुसार हजारों उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड ऑनलाइन कर दिया गया है, लेकिन हरियाणा अर्बन लोकल बॉडी की वेबसाइट पर कुछ समस्या आ रही है। जिसकी वज़ह से ऑनलाइन बिल नही भरे जा रहे।