April 24, 2024

जिले में 8 लाख से ज्यादा लोगों ने ली वैक्सीन

Palwal/Alive News: जिला में कोरोना वायरस की पूर्ण रोकथाम के उद्देश्य से सक्रिय रूप से वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार तक जिला में 8 लाख 82 हजार 199 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर उपायुक्त ने यह जानकारी दी। मिले आंकड़ों के अनुसार उन्होंने बताया कि इनमें 6 लाख 23 हजार 774 लोगों को पहली डोज तथा 2 लाख 58 हजार 425 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इनमें 4 लाख 78 हजार 477 पुरूष तथा 4 लाख 3 हजार 248 महिलाएं हैं, जिन्हें वैक्सीन लग चुकी है। उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित किया कि वे कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन अवश्य लगवाएं।