July 5, 2026

104 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया नशा मुक्ति का संदेश, जवाहर नवोदय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने नशा मुक्ति अभियान के तहत रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने फरीदाबाद से विद्यालय तक साइकिल से यात्रा कर युवाओं और ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।

डॉ. वर्मा ने फरीदाबाद से जवाहर नवोदय विद्यालय तक करीब 52 किलोमीटर और वापसी में भी इतनी ही दूरी साइकिल से तय की। इस तरह उन्होंने एक ही दिन में लगभग 104 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान वह अरुआ, अटाली, दयालपुर, मच्छगर और चंदावली समेत कई गांवों से होकर गुजरे। उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं और राहगीरों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया तथा नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 550 से अधिक छात्र-छात्राओं और करीब 50 शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्रों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई।

कार्यक्रम में विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सतीश कुमार ने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अनुशासित व स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की। उन्होंने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता अभियान और डॉ. अशोक कुमार वर्मा की साइकिल यात्रा की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।