July 26, 2026

महिला पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, प्रेम संबंध और पैसों के विवाद का मामला

Faridabad/Alive News: थाना पल्ला क्षेत्र में एतमादपुर पुल के पास एक महिला पर चाकू से हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भैयालाल निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश (हाल निवासी निहाल विहार, दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दिल्ली के पश्चिम विहार से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 30 जून की सुबह एक महिला कंपनी में ड्यूटी पर जाने के लिए एतमादपुर पुल के पास खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और महिला से अपने साथ चलने के लिए कहा। महिला के मना करने पर आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी महिला से करीब एक साल पहले ट्रेन में पहचान हुई थी। बाद में दोनों की मुलाकातें होने लगीं। आरोपी का दावा है कि उसने महिला को करीब 2.85 लाख रुपये दिए थे और बाद में महिला उससे और पैसे मांग रही थी। आरोपी के अनुसार, पैसे न देने पर उसे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही थी, जिसके बाद उसने हमला किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात के लिए चाकू दिल्ली से खरीदकर लाया था।

वहीं, महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी पिछले 7-8 महीनों से उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। उसने कई बार आरोपी को मना किया, लेकिन वह उसे परेशान करता रहा। घटना वाले दिन भी आरोपी ने जबरन अपने साथ चलने के लिए कहा और इंकार करने पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पूरी की। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।