Fatehabad/Alive News: हरियाणा सरकार ने फतेहाबाद में तैनात जिला मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिसर (DMEO) सुल्तान सिंह को सस्पेंड कर दिया है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह ने 3 अगस्त को सस्पेंशन के आदेश जारी किए थे, जो 5 अगस्त को सार्वजनिक हुए।
सस्पेंशन के दौरान सुल्तान सिंह का मुख्यालय पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड का कार्यालय रहेगा। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, सस्पेंशन आदेश में कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।
सुल्तान सिंह का कहना है कि उनके खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करने की झूठी शिकायत की गई थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने किसी भी प्रदर्शन का समर्थन नहीं किया और वे इस सस्पेंशन को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।
सुल्तान सिंह पहले भी विवादों में रह चुके हैं। जून 2020 में, जब वे हिसार मार्केट कमेटी में सचिव थे, तब भाजपा नेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सोनाली फोगाट ने उन पर अभद्र भाषा का आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से थप्पड़ और चप्पलों से मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
सोनाली फोगाट ने दावा किया था कि उनके पास अपने आरोपों से जुड़े ऑडियो और अन्य सबूत भी हैं। वहीं, सुल्तान सिंह ने सभी आरोपों को गलत बताया था। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में 23 अगस्त 2022 को गोवा में सोनाली फोगाट का निधन हो गया।
सुल्तान सिंह को कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला का करीबी भी माना जाता है। साल 2019 के जींद उपचुनाव के दौरान उन पर सुरजेवाला के समर्थन में वोट मांगने के आरोप लगे थे, जिसकी शिकायत जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने चुनाव आयोग से की थी।

