September 14, 2026

कांवड़ यात्रा: आगरा कैनाल रोड पर वाहनों की एंट्री बंद, फरीदाबाद पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

Faridabad/Alive News: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे आगरा कैनाल के साथ वाले मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों से यात्रा करें।

पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा का मुख्य मार्ग आगरा कैनाल के किनारे से निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस मार्ग पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक बैरिकेडिंग तक पहुंच रहे हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था और ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के कार्य में बाधा आ रही है।

पुलिस ने लोगों से दुर्गा बिल्डर से सोतई पुल तक आगरा कैनाल के साथ वाले रास्ते का इस्तेमाल न करने की अपील की है।

नहर पार करने के लिए वैकल्पिक मार्ग:

  • नया पल्ला पुल होकर सेहतपुर जाएं।
  • पल्ला पुल के रास्ते पल्ला और तिलपत की ओर जाएं।
  • सेक्टर-28/29 पुल से होकर मवई, धीरज नगर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचें।

फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से शिवरात्रि तक इस ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।