November 1, 2026

निजी अस्पतालों से कम खर्च में होगा घुटना प्रत्यारोपण, मेवला में मिलेगी सुविधा

Faridabad/Alive News: घुटनों के दर्द और गंभीर समस्या से परेशान मरीजों को अब इलाज के लिए निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च करने की मजबूरी कम हो सकती है। सेक्टर-45 स्थित मेवला महाराजपुर एफआरयू-3 में जल्द ही घुटना प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू होने जा रही है। यहां एक घुटने के प्रत्यारोपण पर करीब 90 हजार रुपये खर्च आने का अनुमान है, जबकि निजी अस्पतालों में इसी ऑपरेशन के लिए ढाई से तीन लाख रुपये तक देने पड़ते हैं। स्वास्थ्य विभाग अगले करीब तीन महीने में यह सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

अभी जिले में सरकारी स्तर पर घुटना प्रत्यारोपण की सुविधा केवल बीके नागरिक अस्पताल में उपलब्ध है। आयुष्मान भारत योजना के पात्र मरीज यहां मुफ्त ऑपरेशन करा सकते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेवला महाराजपुर में भी यह सुविधा शुरू की जा रही है। इससे मरीजों को सरकारी स्तर पर इलाज का एक और विकल्प मिलेगा और बीके अस्पताल पर दबाव भी कम होगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों और उपकरणों की हो रही व्यवस्था

स्वास्थ्य केंद्र की एसएमओ डॉ. आकांक्षा तंवर के अनुसार, घुटना प्रत्यारोपण शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऑपरेशन के लिए आधुनिक उपकरणों और जरूरी मशीनों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा एक सर्जन, एक एनेस्थेटिस्ट और एक ऑर्थोपेडिक सर्जन की प्रतिनियुक्ति पर व्यवस्था की गई है। तीनों विशेषज्ञों ने मिलकर उपचार शुरू करने की योजना तैयार की है।

आयुष्मान के पात्र मरीजों का मुफ्त होगा ऑपरेशन

इस केंद्र में आयुष्मान भारत योजना के पात्र मरीजों का घुटना प्रत्यारोपण निशुल्क किया जाएगा। वहीं, योजना के दायरे से बाहर रहने वाले मरीजों को भी निजी अस्पतालों के मुकाबले कम खर्च में इलाज देने की तैयारी है। डॉ. आकांक्षा तंवर ने बताया कि सुविधा शुरू करने से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। लक्ष्य है कि अगले करीब तीन महीने में यहां घुटना प्रत्यारोपण के ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएं।