July 7, 2026

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर: डोडा के ठाठरी बाजार में बाढ़ से तबाही, किश्तवाड़ में लैंडस्लाइड

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ठाठरी बाजार में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ का दृश्य।

Jammu/Alive News: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। डोडा और किश्तवाड़ जिले में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाओं से सड़कें, वाहन और लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

डोडा जिले के ठाठरी सब-डिविजन में रातभर हुई तेज बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। स्थानीय नालों और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण बाढ़ का पानी ठाठरी बाजार और आसपास के रिहायशी इलाकों में घुस गया।

बाढ़ के साथ बड़े पत्थर, कीचड़ और मलबा भी बाजार और घरों तक पहुंच गया, जिससे कई दुकानों, मकानों और सड़कों को नुकसान हुआ। बाजार में खड़े कई वाहन भी बाढ़ की चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लिंक रोड निर्माण के दौरान निकला मलबा ठाठरी नाले में फेंका जाता है। इससे पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो जाता है और हर बार भारी बारिश में बाढ़ की स्थिति बन जाती है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

लगातार बारिश के कारण डोडा-किश्तवाड़ हाईवे भी प्रभावित हुआ। अचानक आई बाढ़ से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा, कीचड़ और बड़े पत्थर जमा हो गए, जबकि सड़क का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया।

वहीं, किश्तवाड़ जिले में 540 मेगावाट क्षमता वाले निर्माणाधीन क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के टनल क्षेत्र के पास बड़ा लैंडस्लाइड और मडस्लाइड हुआ। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

प्रशासन ने पहले ही मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इसमें संवेदनशील इलाकों में भारी बारिश, तेज आंधी, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी दी गई थी। लोगों से नदियों, नालों और झरनों के आसपास जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में जम्मू संभाग के सांबा जिले में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कठुआ में 66.2 मिमी, कटरा में 44.4 मिमी, डोडा में 42 मिमी, जम्मू में 41.8 मिमी, उधमपुर में 40.6 मिमी, भद्रवाह में 33.6 मिमी, किश्तवाड़ में 24 मिमी, रियासी में 10.5 मिमी, बटोटे में 4.7 मिमी, रामबन में 4.5 मिमी और बनिहाल में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।