April 19, 2024

जेबीटी भर्ती घोटाले में सजा काट रहे इनेलो सुप्रीमो कल होंगे रिहा

Chandigarh/Alive News : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला कल सुबह 9.30 बजे अपनी रिहाई के लिए तिहाड़ जेल जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने बताया कि इनेलो सुप्रीमो जेल में पहुंच कागजी कार्रवाई पूरी करके रिहाई के फार्म पर हस्ताक्षर करने के बाद सुबह 10 बजे तिहाड़ जेल से प्रस्थान करेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार जेल की कार्रवाही पूरी होने के दौरान उनके पोते कर्ण चौटाला उनके साथ रहेंगे। तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद इनेलो सुप्रीमो गुरुग्राम स्थित अपने आवास के लिए रवाना होंगे। जहां हजारों की संख्या में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला के स्वागत के लिए इनेलो पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली- गुरुग्राम बार्डर पर पहुंचेंगे। 

बता दें, कि 2013 के बाद यानि 8 साल से सभी वर्ग के लोग बेहद उत्सुकता के साथ इनेलो सुप्रीमो की रिहाई का इंतजार कर रहे थे। इनेलो सुप्रीमो की रिहाई के बाद यह पहला ऐसा मौका होगा जब हरियाणा की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होगी। जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेनिंग) भर्ती घोटाले में सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की सजा पूरी हो चुकी है। कुछ कागजी कार्रवाई बची हुई है। वह पूरी होते ही आधिकारिक तौर पर रिहाई के आदेश जारी हो जाएंगे।