May 21, 2024

शाख़ें रहीं तो फूल और पत्ते भी आएंगे, ये दिन अगर बुरे हैं तो अच्छे भी आएंगे: पुलिस आयुक्त

Faridabad/Alive News : पुलिस आयुक्त ने कोरोना महामारी के इस विकट समय में लोगों को हौसला बनाए रखने और अच्छे समय की उम्मीद बनाए रखने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह बुरा समय है जो जल्द ही बीत जाएगा, हमें हौसले और जज्बे के साथ कोरोना के इस जंग को जीतने की उम्मीद को बनाए रखना है।

ओपी सिंह ने कहा कि हौसले के आगे बड़ी-बड़ी चुनौतियां भी घुटने टेक देती हैं। हौंसलों के साथ लड़ी गई जंग किसी भी मनुष्य के लिए जीत का दरवाजा खोल सकती है। इसलिए हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोरोना से जंग जितने के लिए हमें अपना सुरक्षा कवच मजबूत रखने की आवश्यकता है। इस वक्त मास्क, सेनेटाइजर और 2 गज दूरी ही हमारे सुरक्षा कवच है। इसलिए यह जंग जितने के लिए हमारे द्वारा इन संसाधनों का उपयोग करना अति आवश्यक है।

नवीनतम आंकड़ों के अनुसार फरीदाबाद पुलिस के 266 पुलिसकर्मियों में 41 पुलिसकर्मी कोरोना को मात दे चुके है। वहीं लॉकडाउन के दौरान नियम तोड़ने वालों के खिलाफ दर्ज 230 मुकदमों में 296 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसमे दवाओं और ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले 11 लोग शामिल हैं|

पुलिस द्वारा 73192 लोगों को मास्क वितरित किए गए और 4875 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की गई।साथ ही 32362 लोगों के मास्क के चालान काटकर एक करोड़ 61 लाख 81 हजार रुपयों का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि कोरोना से इस जंग में कोविड नियमों का पालन करके पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और अपने तथा अपने परिवार के साथ सुरक्षित रहें।