May 8, 2024

स्वास्थ्य कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय पर किया प्रदर्शन

Faridabad/Alive News : स्वास्थ्य मंत्री व महानिदेशक के आदेशों के बावजूद कई जिलों से सैकड़ों की संख्या में नौकरी से निकाले स्वास्थ्य ठेका कर्मियों को वापस ड्यूटी पर लेने की मांग को लेकर बुधवार को सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य मंत्री के नाम 11 सुत्रीय मांग पत्र डिप्टी सीएमओ राजेश श्यौकंद को सौंपा गया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत किए गए प्रदर्शन में पारित किए गए प्रस्ताव में चेतावनी दी गई कि अगर छंटनी ग्रस्त कर्मचारियों को वापस नहीं लिया तो स्वास्थ्य कर्मियों को आंदोलन को तेज करने पर मजबूर होना पड़ेगा।

प्रदर्शन से पूर्व स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों ने टीबी बिल्डिंग से स्टे पार्क में आम सभा का आयोजन किया। सभा के बाद जूलुस निकालते हुए ठेका कर्मचारी नारेबाजी एवं प्रदर्शन करते हुए सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे। जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन हरियाणा के जिला प्रधान सोनू सोया ने की। सभा में एक अभियान चला कर एक सप्ताह के भीतर सभी ठेका कर्मचारियों को यूनियन का सदस्य बनने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सभा को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अपने आदेशों को स्वास्थ्य विभाग में लागू करवाने में पूरी तरह विफल हो रहें हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्री व महानिदेशक ने आदेश जारी किए थे कि आउटसोर्सिंग पालिसी के अंतर्गत वित्त वर्ष 2020-21 या इससे पहले लगे ठेका कर्मचारियों को नौकरी से न हटाने के आदेश दिए थे। लेकिन ठेकेदारों ने इन आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए रोहतक, झज्जर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, नूंह, सिरसा, दादरी, पलवल आदि जिलों से नौकरी से बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने इस समस्या से निजात पाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ठेका प्रथा समाप्त कर ठेका कर्मचारियों को पक्का करने और पक्का होने तक समान काम समान वेतन व सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। जिला प्रधान सोनू सोया व किरण सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को ईएसआईसी के कार्ड ठेका कर्मचारियों को अभी तक नहीं दिए गए हैं।

प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान अशोक कुमार,खंड प्रधान करतार सिंह व रमेश चन्द्र तेवतिया, नपाकसं के उप महासचिव सुनिल चिंडालिया, टूरिज्म कर्मचारी संघ के संगठन सचिव बीरेंद्र शर्मा, एएचपीसी वर्कर यूनियन के नेता दिनेश शर्मा, स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन की जिला सचिव किरण सिंह, मुकेश कुमार, नीरज ढकोलिया,सतबीर कौशिक आदि मौजूद थे।