May 2, 2024

डेंगू का लार्वा मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम मिलकर करेंगे चालान

Faridabad/Alive News : डेंगू पर वार की रणनीति तैयार करने के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अधिकारियों ने निगमायुक्त यशपाल यादव के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान दोनों विभाग के अधिकारियों ने तय किया कि दोनों विभागों की टीम मिलकर निगम क्षेत्र में एंटी लार्वा एक्टिविटी अभियान चलाएंगी। वहीं इस बैठक में सिविल सर्जन डॉ. विनय गुप्ता व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रामभगत स्वास्थ्य विभाग की ओर से शामिल हुए।

बैठक में दोनों टीमों ने तय किया कि जिस भी स्थान पर डेंगू का एंटी लार्वा मिलेगा। उस स्थान से संबंधित व्यक्ति को जरूरी नोटिस देने के साथ ही जुर्माना लगाया जाएगा। जहां डेंगू फैल रहा है, उन क्षेत्रों में नगर निगम की ओर से फॉगिंग कराई जाएगी। रणनीति अनुसार फील्ड में काम हो रहा है या नहीं, इसकी पुष्टि लाइव रिपोर्ट व फोटो से की जाएगी।

इसके अलावा नगर निगम सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ट्यूबवेल, पार्कों, सड़कों, खाली जगहों, सामुदायिक क्षेत्रों व कार्यालयों में सफाई अभियान चलाएगा। ऐसे स्थानों पर मच्छरों के पैदा होने की संभावना शून्य की जाएगी। सभी सार्वजनिक जगहों से बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित की जाएगी। जहां जलभराव की निकासी संभव नहीं वहां मच्छर मारने वाली दवा डाली जाएगी। जनता को पानी से फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पार्षदों व शिक्षित लोगों के माध्यम से प्रेरित किया जाएगा। दोनों विभाग अपने फील्ड स्टाफ की सूची एक दूसरे के साथ साझा करेंगे। अधिकारी व कर्मचारी तालमेल के साथ काम कर सकें। जलजनित रोगों के नियंत्रण के लिए क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे और उनकी जिम्मेवारी तय की जाएगी। पानी का सही तरीके से क्लोराइजेशन किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डबुआ कॉलोनी, जवाहर कालोनी, एसजीएम नगर, संजय कॉलोनी, एनआइटी-चार, बसेलवा कॉलोनी, त्रिखा कॉलोनी, पाली, न्यू जनता कॉलोनी, राहुल कॉलोनी, बड़खल, आदर्श कॉलोनी, सरुरपुर, करनेरा, त्रिखा कॉलोनी, मच्छगर, तिगांव रोड, सेक्टर 2, 7, 10, 14, 16, 16ए, 17, 18, 19, 21डी, 22, 24, 25, 29 से डेंगू के मामले सामने आए हैं। इन क्षेत्रों में अधिक ध्यान रखा जाएगा।

डेंगू और बुखार के मामलों पर लगाम नहीं लग रही। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को पांच नए मामलों की पु ष्टि की। अब तक कुल 91 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, नागरिक अस्पताल के डेंगू वार्ड में महिला व पुरुष अलग-अलग वार्ड हैं। इसमें महिला वार्ड में कुल चार मरीज भर्ती हैं, पुरुष वार्ड में लगे तीन बेड में से एक पर मरीज भर्ती है।