Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की HCS प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जिले के 80 केंद्रों पर दो शिफ्टों में होगी। इसकी तैयारी को लेकर HPSC सदस्य डॉ. सोनिया त्रिखा की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें डीसी आयुष सिन्हा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
परीक्षा का पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगा। तय समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी होगी और बायोमेट्रिक से उपस्थिति दर्ज की जाएगी। मोबाइल जैमर लगाए जाएंगे और फ्रिस्किंग (तलाशी) सख्ती से की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर के दायरे में भीड़ और अनावश्यक गतिविधियों पर रोक रहेगी।
अभ्यर्थियों के लिए साफ निर्देश हैं कि वे अपने साथ मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न लाएं, क्योंकि इन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और असली पहचान पत्र जरूरी होगा।
सिख अभ्यर्थियों को कड़ा और कृपाण के साथ आने पर पहले पहुंचकर जांच करवानी होगी, जबकि विवाहित महिलाओं को जांच के बाद मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी केंद्रों पर बिजली, पानी, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ अच्छा व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के लिए भी कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

