May 19, 2024

एचसीएस अनिल नागर बर्खास्त, हरियाणा लोक सेवा आयोग में उपसचिव रहते बेची नौकरियां

Chandigarh/Alive News: एचसीएस और डेंटल सर्जन की नौकरियां लगवाने के लिए पैसे लेने के आरोपित एचसीएस अधिकारी अनिल नागर को हरियाणा सरकार ने मंगलवार को बर्खास्त कर दिया है। अनिल नागर हरियाणा लोक सेवा आयोग में उपसचिव के पद पर कार्यरत था। स्टेट विजिलेंस ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार करने के बाद सरकार ने नागर को निलंबित कर दिया था। अनिल नागर की वजह से प्रदेश सरकार की नौकरियों में शुचिता पर आंच आई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेश के बाद मुख्य सचिव संजीव कौशल ने एचसीएस अनिल नागर को सरकारी सेवाओं से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने अनिल नागर को बर्खास्त करने के आदेश हरियाणा कांग्रेस के पंचकूला में प्रदर्शन से पहले जारी कर दिए हैं।

सरकारी नौकरियों में पैसे लेने के आरोप लगाते हुए सबसे पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया तथा गोमूत्र व गोबर से उसे पवित्र किया। इसके बाद जयहिंद पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर यह प्रदर्शन कर रहे हैं।जयहिंद ने अब मंत्रियों के जिलों में भागवत गीता पर हाथ रखकर कसम खिलवाने की मुहिम चला रखी है। उनका कहना है कि यदि नौकरियों में पर्ची-खर्ची नहीं चलती तो मंत्री गीता पर हाथ रखकर कसम आएं।

युवक कांग्रेस के बाद हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के नेतृत्व में प्रदेश भर के कांग्रेसियों ने मंगलवार को पंचकूला में हरियाणा लोक सेवा आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।