May 18, 2024

हरियाणा: बीते 24 घंटे में आये कोरोना के 528 नए मामले, 40 मरीजों की मौत

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में कोरोना के मामलों में अब गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले एक सप्ताह में यह आंकड़ा तेजी से गिर रहा है। 2 जून को जहां 1000 नए केस थे। वहीं अब इनकी संख्या 528 पहुंच गई है। प्रदेश के केवल सिरसा जिले में संक्रमण दर 10 प्रतिशत से अधिक है। अन्य 21 जिलों में 10 प्रतिशत से कम है। 

दरअसल, प्रदेश के पांच जिलों में 5 से 10 प्रतिशत के बीच संक्रमण है और 16 जिलों में 5 प्रतिशत से कम संक्रमण दर है। प्रदेश के सभी जिलों में 96 प्रतिशत से अधिक रिकवरी दर है। बुधवार को प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या घटकर 7079 रह गई है। जबकि एक दिन की संक्रमण घटकर 1.57 प्रतिशत रह गई है। रिकवरी दर बढ़कर 97.92 फीसदी पहुंच गई है।

बुधवार को प्रदेश में 40 कोरोना मरीजों की मौत दर्ज की गई। इनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, गुरुग्राम, अंबाला में 2-2, फतेहाबाद, पलवल, महेंद्रगढ़, सोनीपत, रोहतक, पंचकूला में 1-1, हिसार में 5, पानीपत में 4, सिरसा, भिवानी, कैथल, जींद, झज्जर में 3-3 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। अब तक हरियाणा में कुल 8829 मरीजों की जान जा चुकी है। इस समय प्रदेश में सबसे अधिक संक्रमण दर 14 प्रतिशत सिरसा की है, जबकि नूंह में 0.34 प्रतिशत है।