July 8, 2026

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट, RTE नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल RTE नियमों के उल्लंघन और दस्तावेज न देने पर ब्लैकलिस्ट किए गए।

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में शिक्षा निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के 22 जिलों के 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इन स्कूलों पर मान्यता से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा नहीं करने और RTE (राइट टू एजुकेशन) नियमों का पालन नहीं करने का आरोप है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन स्कूलों की मान्यता संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और नए दाखिले लेने की अनुमति भी वापस ले ली गई है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद संबंधित स्कूलों ने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए। इसके बाद शिक्षा निदेशालय ने इन स्कूलों को ब्लैकलिस्ट करने का फैसला लिया। अब अगले चरण में इन स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

जारी रिपोर्ट के मुताबिक सबसे अधिक कार्रवाई कैथल में 162, गुरुग्राम में 99 और हिसार में 98 निजी स्कूलों पर हुई है। वहीं पानीपत में 92, भिवानी में 76, फरीदाबाद में 70 और जींद में 67 निजी स्कूल ब्लैकलिस्ट किए गए हैं। सबसे कम फतेहाबाद में 10 स्कूलों पर कार्रवाई हुई है।

शिक्षा विभाग ने बताया कि इससे पहले 413 निजी स्कूलों को मानकों को पूरा करने के लिए एक और मौका दिया गया था। इन स्कूलों से मान्यता से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

मौलिक शिक्षा निदेशक मनिता मलिक ने कहा कि प्रदेश के 1107 निजी स्कूलों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। अब अगली प्रक्रिया के तहत नियमों के अनुसार इन स्कूलों को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।