May 2, 2024

सिद्धदाता आश्रम में गीता उपदेश के साथ मनाया गया गीता महोत्सव

Faridabad/Alive News : सूरजकुंड रोड सेक्टर 44 स्थित लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम की परिक्रमा गीता के श्लोकों के उच्चारण के साथ किया गया। जिसमें अधिष्ठाता जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों के साथ परिक्रमा की।

इस दौरान सभी बच्चे सिर पर श्रीमद भगवदगीता को रखे गीता के श्लोकों का उच्चारण कर रहे थे। वहीं स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि गीता का संदेश भगवान श्रीकृष्ण ने मोहग्रस्त अर्जुन को दिया था कि वह कर्म करे। वह कर्म करे जिससे उनका भला होने के साथ- साथ मानवता का भी भला होगा और आज भी गीता का संदेश यही करने के लिए प्रेरित करता है। इसलिए लोगों को अपने जीवन में गीता के संदेश को अवश्य ही अपनाना चाहिए। इससे सभी के मन का तनाव कम होगा और जीवन सुंदर बनेगा।
उन्होंने कहा कि इन दिनों प्रदेश की सरकार और हमारा प्रशासन भी गीता जयंती का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मना रहा है। इससे संतोष होता है कि भगवान के संदेश को समाज में मजबूती मिल रही है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित महोत्सव में सिद्धदाता आश्रम की सहभागिता प्रमुख रूप से रहेगी। सभी लोगों को इस महोत्सव में सहभागिता करनी चाहिए।