Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने नई दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर निवासी दीपक चड्ढा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसे फेसबुक पर एक लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद उस लड़की ने उसे क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
लड़की के कहने पर पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 38 लाख 54 हजार रुपये निवेश कर दिए, लेकिन उसे कोई भी पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक चड्ढा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया हुआ था, जिसमें ठगी के करीब 10 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।
आरोपी दिल्ली के मुकुंदपुर में जूतों की ब्रश बनाने की फैक्ट्री चलाता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

